साहित्यकार परिचय-श्री विनोद तिवारी
जन्म- 2 मई 1941 तत्कालीन उत्तरप्रदेश के नैनीताल जिले के दूरस्थ ग्राम महुआ डाबरा में जो अब उत्तरांचल के ऊधम सिंह नगर जिले में है।
माता-पिता- श्रीमती जयवती देवी श्री राजेश्वर प्रसाद तिवारी
शिक्षा- एम.ए.(हिन्दी साहित्य) ब्राॅडकास्टिंग जर्नलिज्म डिप्लोमा
प्रकाशन – दो गजल संग्रह-दर्द बस्ती का और मोम के बुत। बाल उपन्यास टामी, किशाेर उपन्यास-अंतरिक्ष के नन्हें यात्री।दो बाल गीत पुस्तकें- नव साक्षरों के लिये तीन पुस्तकें। शिवम मासिक पत्रिका का संपादन।
अनेक संकलनों व दश की प्रमुख पत्र पत्रिकाओं में रचना प्रकाशन। दूरदर्शन व आकाशवाणी से प्रसारण।
सम्मान- आकाशवाणी,दूरदर्शन व देश की अनेक साहित्यसेवी संस्थाओं द्वारा सम्मानित। महामहिम राज्यपाल द्वारा सार्वजनिक सम्मान। उपाध्यक्ष जनवादी लेखक संघ मध्यप्रदेश।
सम्प्रति-आकाशवाणी से सेवानिवृत्ति के बाद साहित्य एवं समाज-सेवा।
सम्पर्क-जय राजेश, ए-462 शाहपुरा,सेक्टर ए(मानसरोवर कालोनी)भोपाल म.प्र.
‘गा न पाऊं गीत’
गीत शायद गा न पाऊं
दग्ध उर लेकर सुहाने गीत शायद
गा ना पाऊं।।
गीत शायद गा न पाऊं।
दूर है अब भी सवेरा
हर तरफ फैला अंधेरा
चाहता हूं पर धरा पर चांद तारे-
ला न पाऊं।।
गीत शायद गा न पाऊं।
फूल तो कितने खिले हैं
शूल पर मुझको मिले हैं
मैं अभागा, प्रीति-वन के पास तक भी
जा न पाऊं।।
गीत शायद गा न पाऊं।
खिन्न है मन भग्न आशा
हर कदम पर है निराशा
दूर जीवन से मगर अब चाह कर भी
जा न पाऊं।।