टी.बी. मुक्त भारत अभियान में अजय पप्पू मोटवानी ने 15 मरीजों को गोद लिया
(मनोज जायसवाल)
कॉंकेर(सशक्त हस्ताक्षर)।समाजसेवा के क्षेत्र में कॉंकेर का युवा हमेशा आगे रहा है। समाजसेवा के क्षेत्र में कहीं लेखन तो कहीं सांस्कृतिक टीम के मंच माध्यम अपना जोश सामने लोगों के बीच रखा है। कॉंकेर के कुछ पीछे अतीत देखें तो नगर के अनुपम जोफर,मोहन राव सेनापति सहित कुछ नाम है,जिन्होंने शिक्षकीय कार्य के साथ सेवा कार्य को अपना ध्वेय माना। इसी कडी में आज मुखर है, नगर के अजय पप्पू मोटवानी जिसकी हर सांस आज मानवता के सेवा कार्यों में लगा हुआ है। टीबी मुक्त भारत अभियान में उनकी मुक्त कंठ से 15 मरीजों को गोद लिया जाना नेक कार्य उनकी समाजसेवा की प्रतिबद्वता को बयां करती है।
बताते चलें कॉंकेर के कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश सांडिया के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कार्यक्रम में 23 अक्टूबर को कार्यालय जिला क्षय उन्मूलन केंद्र कांकेर में अजय पप्पू मोटवानी द्वारा 15 मरीजों को गोद लेकर उन्हें पौष्टिक आहार प्रदान किया गया। इसके साथ मरीजों कों स्वास्थ्य संबंधी हाल-चाल पूछ कर सेहतमंद होने हेतु शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।
विदित हो कि देश भर में प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देश को इस रोग से मुक्त करने की परिकल्पना को साकार करना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सांडिया ने जिले के समस्त जन प्रतिनिधियों,समाजसेवी संगठन, व्यापारी वर्ग, अधिकारी कर्मचारी वर्ग सभी से इस संबंध में अपील की है कि कांकेर जिले को टी.बी. मुक्त करने हेतु निक्षय मित्र बनकर मरीजों को गोद लेकर टी.बी. मुक्त भारत अभियान में अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान करें।
तत्संबंध में अधिक जानकारी हेतु जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी कांकेर से संपर्क कर सकते हैं । उक्त अवसर पर अनुराग उपाध्याय, अरविंद चौहान, धर्मेंद्र देव तथा जिला क्षय उन्मूलन केंद्र के कर्मचारी उपस्थित थे। आशा की जाती है कि समाज सेवी संगठन जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी द्वारा उठाए गए क़दम से अन्य लोगों को भी नई प्रेरणा मिलेगी तथा कांकेर जिले को टी.बी. मुक्त बनाने की दिशा में यह एक ठोस कदम होगा।